रात की बारिश के बाद दिन में सर्द हवाओं से ठिठुरा रीवा जिला

आज से मौसम के साफ होने का अनुमान, बादलों का बना रहेगा असर

1 / 1

एक साथ बने तीन सिस्टम का सीधा असर रीवा जिले के मौसम पर पड़ा है। बीती रात हुई बारिश के बाद दिन भर समूचा जिला सर्द हवाओं से ठिठुरा रहा। दिन में रूक-रूक कर पड़ी फौहारों से मौसम और ठण्डा हो गया। बीती रात जिले में 10.6 मिमी औसत बारिश हुई। रीवा शहर में 22.4 मिमी पानी गिरा। दिन में चलने वाली सर्द हवाओं की वजह से दोपहर में भी लोग गर्म कपड़े में दिखे। दिन में सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। चौबीस घंटे में दिन के तापमान में 2 डिग्री से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। दिन में 12 किलोमीटर से ज्यादा रफ्तार से हवाएं चली। मौसम विज्ञान से जुड़े जानकारों की मानें तो माचोंग चक्रवात का असर कम हो गया है। जिससे शुक्रवार यानि आज से मौसम के साफ होने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि आसमान में बादलों का असर बना रहेगा। मौसम खुलने के बाद दिन के साथ सत के तापमान में भी गिरावट के साथ ठण्ड का असर बढ़ जाएगा। बताया गया है कि 10 दिसंबर के आसपास एक नया सिस्टम तैयार होगा। कुल मिलाकर 15 दिसंबर के बाद मौसम में ठण्ड का असर ज्यादा बढने की संभावना बन रही है। गुरूवार को दिन का अधिकतम तापमान 21.4 डिग्री पर दर्ज किया गया। जबकि बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। इधर मंगलवार और बुधवार की मध्य रात्रि का न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ था। इसके चौबीस घंटे बाद बुधवार और गुरूवार की मध्य रात्रि का न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री पर पहुंच गया।

दिन भर छाए रहे बादल

मौसम में बदलाव के बीच आसमान में दिन भर बादल छाए रहे। जिसकी वजह से दिन भर धूप नहीं निकली। बुधवार को भी आसमान में बादल आए थे। लेकिन कुछ समय के लिए हल्की धूप निकली धी। लेकिन गुरूवार को दिन भर में सिर्फ 25 मिनट के लिए धूप निकली। मौसम में सुबह की आर्द्रता 100 और शाम की आर्द्रता 83 प्रतिशत दर्ज की गई।